BREAKING
🔴 BREAKING: India GDP grows at 7.2% in Q3, fastest among G20 nations ⚡ ISRO Chandrayaan-4 successfully launched from Sriharikota 🏏 IPL 2024 Final: Mumbai Indians vs CSK today at 7:30 PM 🚇 Mumbai underground metro tunnel inaugurated by Chief Minister 🤖 Government approves ₹10,000 crore National AI Mission
Politics

Bahraich : किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान क्रान्ति यूनियन ने सौंपा ज्ञापन,आंदोलन की चेतावनी

एक सप्ताह में समाधान नहीं हुआ तो 21 जुलाई से होगा अनिश्चितकालीन धरना: भारतीय किसान क्रांति यूनियन

बहराइच। भारतीय किसान क्रांति यूनियन की मासिक पंचायत सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर जिला अध्यक्ष पती राम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। पंचायत में किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार सदर राजेश कुमार यादव के माध्यम से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। जिला अध्यक्ष पती राम चौधरी ने कहा कि जिले की कई सहकारी समितियों और निजी उर्वरक विक्रेताओं द्वारा किसानों से निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली जा रही है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बैठक में बरसात के मौसम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था, जलभराव, जाम और बजबजाती नालियों के साथ-साथ डेंगू व अन्य संचारी रोगों के बढ़ते खतरे पर भी चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने प्रशासन से नियमित सफाई अभियान चलाने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग की। साथ ही सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त दवाएं, अतिरिक्त बेड तथा जहरीले जीव-जंतुओं के काटने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। किसान नेताओं ने बताया कि पर्याप्त बारिश न होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसानों को राहत देने के लिए नहरों में जल्द पानी छोड़ा जाए और सिंचाई के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि खेती का कार्य प्रभावित न हो। ज्ञापन में फखरपुर ब्लॉक के वजीरगंज-नंदवाल मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन का कहना है कि लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के दौरान मार्ग पर जलभराव होने से किसानों, छात्रों, ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग भी प्रशासन से की गई। इसके अलावा जरवल क्षेत्र के शुगर मिल फीडर से जुड़ी बिजली आपूर्ति की समस्या पर भी संगठन ने नाराजगी जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार बिजली बाधित होने से आम लोगों और किसानों दोनों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग की। पंचायत में थाना रिसिया क्षेत्र के अमवा चटनियां निवासी संगठन पदाधिकारी रामरूप सिंह तथा थाना नवाबगंज क्षेत्र के जमुनहा गांव निवासी मनीराम यादव की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला भी उठाया गया। संगठन ने प्रशासन से दोनों मामलों में कार्रवाई कर कब्जा हटवाने की मांग की। भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 21 जुलाई से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। बैठक में जिला प्रभारी मोहम्मद सईद खान, लल्लन प्रसाद, फौजी, रामरूप सिंह, महिला जिलाध्यक्ष लीला सिंह, मोहम्मद मोबीन, मोहम्मद रफी, कासिम खां, सरोज सिंह, रामसागर मिश्रा, रमेश चंद्र तिवारी, नितिन सिंह, लज्जावती सिंह, अनिरुद्ध वर्मा, मनीराम यादव, ओमकार यादव, सीमा सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments (0)

Leave a Comment

Be the first to comment!